अभिव्यक्ति योजना के तहत महासमुंद पुलिस का जागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा से लेकर महिला सशक्तिकरण तक दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।
महासमुंद // रासेयो पॉलिटेक्निक महासमुंद के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन ग्राम लाफिनकला में महिला सशक्तिकरण और स्वयं सुरक्षा पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्या श्रीमती चंद्रिका विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी श्री सालिक राम ढीमर के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में महासमुंद पुलिस की टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला संबंधी अपराध, सेल्फ-डिफेंस, साइबर सुरक्षा और स्वयं की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। टीम ने बताया कि दैनिक उपयोग की चीजें—जैसे पर्स, पानी की बोतल, पिन, मोबाइल—संकट के समय आत्मरक्षा के प्रभावी साधन बन सकती हैं।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर बढ़ते अपराधों पर भी सचेत किया। छात्रों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति की वीडियो कॉल न उठाएँ, पर्सनल या संवेदनशील जानकारी शेयर न करें और मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें।
किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी, फेक ट्रेडिंग, डिजिटल अरेस्ट, साइबर बुलिंग या सेक्सटॉर्शन की स्थिति में तुरंत टोल-फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी, पुलिस या एजेंसी फोन पर पैसे नहीं मांगती, इसलिए ऐसे कॉल में बिल्कुल न फँसें।
इसके साथ ही नशे के दुष्परिणाम, 112 डायल सेवा के महत्व तथा वास्तविक जीवन में सतर्क रहने की जरूरत पर भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया और जागरूकता अभियान से लाभान्वित हुए।
