सट्टा कारोबार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, युवक गिरफ्तार।

 रेलवे स्टेशन के पास रेड, मोबाइल और नगदी सहित 4,905 रुपये का सामान जब्त।

महासमुंद, 25 फरवरी 2026। कार्यालय पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर थाना महासमुंद पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुराना माल धक्का रेलवे स्टेशन के पास की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी।

रेड के दौरान पुलिस ने केशव राम ध्रुव (पिता मनहरण ध्रुव), उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 19, बढ़ई पारा, महासमुंद को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा। तलाशी में आरोपी के कब्जे से 01 नग ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 01 सट्टा पट्टी जिसमें 1,020 रुपये का हिसाब लिखा था, 1,380 रुपये नगद तथा 01 डॉट पेन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 4,905 रुपये आंकी गई है।

थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पूरी कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस टीम द्वारा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post