घर में छिपाकर रखा 200 लीटर डीजल, पुलिस की रेड में आरोपी गिरफ्तार।

चोरी का डीजल खरीदकर कर रहा था अवैध बिक्री, 23 हजार से अधिक की सामग्री जब्त।


महासमुंद, 25 फरवरी 2026। महासमुंद पुलिस ने ज्वलनशील पदार्थ को असुरक्षित तरीके से रखने और अवैध रूप से डीजल बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। थाना सांकरा क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम सांकरा में दबिश देकर एक आरोपी को 200 लीटर डीजल के साथ पकड़ा।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि ग्राम सांकरा निवासी देवानंद साव अपने घर में भारी मात्रा में डीजल बिना किसी सुरक्षा प्रबंध के रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ट्रक ड्राइवरों से चोरी का डीजल खरीदकर उसे आसपास के लोगों को बेचता था।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां 200 लीटर डीजल बरामद किया गया। साथ ही डीजल निकालने और मापने में उपयोग होने वाले पाइप, प्लास्टिक चाड़ी, एल्युमिनियम माप लीटर, प्लास्टिक जरकिन और ढक्कन सहित एल्युमिनियम टब भी जब्त किया गया।

जब्त सामग्री

200 लीटर डीजल – कीमत 19,600 रुपये

दो नग पाइप (एक इंच व आधा इंच) – 100 रुपये

दो नग प्लास्टिक चाड़ी – 100 रुपये

एक लीटर क्षमता का एल्युमिनियम मापक – 250 रुपये

500 मिली क्षमता का एल्युमिनियम मापक – 100 रुपये

चार नग 10 लीटर क्षमता की खाली प्लास्टिक जरकिन – 400 रुपये

एक नग एल्युमिनियम टब ढक्कन सहित – 2,500 रुपये

कुल जब्ती – 23,050 रुपये

मामले में आरोपी देवानंद साव (पिता स्वर्गीय गणपति साव), उम्र 61 वर्ष, निवासी ग्राम सांकरा, थाना सांकरा, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ज्वलनशील पदार्थ को बिना सुरक्षा प्रबंध के रखना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पूरी कार्रवाई थाना सांकरा पुलिस द्वारा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post