उड़ीसा से उत्तरप्रदेश जा रही थी करोड़ों की खेप, पायलटिंग कार समेत 1.25 करोड़ की संपत्ति जब्त।
महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 2 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहनों और अन्य सामान सहित कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक पिकअप वाहन क्रमांक OD15V4676 में अवैध गांजा लाया जा रहा है और उसकी पायलटिंग एक हुण्डई औरा कार (UP96Q3658) द्वारा की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 के रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
कुछ ही देर बाद एक हुण्डई औरा कार आती दिखाई दी, जिसके पीछे संदिग्ध पिकअप वाहन चल रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की। पायलटिंग कार में चार लोग सवार थे, जबकि पिकअप में दो व्यक्ति बैठे थे। पूछताछ के दौरान सभी ने अपने नाम और पते बताए, जिनमें चार आरोपी उत्तरप्रदेश और दो आरोपी मध्यप्रदेश के निवासी पाए गए।
जब पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली तो उसमें तरबूज से भरी गाड़ी के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर गांजा रखा गया था। बोरियों की जांच करने पर कुल 2 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस गांजा को ओडिशा के संबलपुर से उत्तरप्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से गांजा, परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन, पायलटिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही हुण्डई औरा कार तथा 6 मोबाइल फोन जब्त कर लिए। जब्त गांजा की कीमत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये, पिकअप वाहन की कीमत 5 लाख रुपये, कार की कीमत 7 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत 70 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सुरज गुप्ता और योगेश कुशवाहा उत्तरप्रदेश के निवासी हैं, जबकि हरिबाबू वर्मा और रामबाबू वर्मा मध्यप्रदेश के सतना जिले के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) और 29(1) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। साथ ही तस्करी के नेटवर्क, स्रोत और गंतव्य बिंदु की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
