पीसीए के प्रशिक्षण से निखरेंगे खिलाड़ी – मनमीत छाबड़ा।

पिथौरा क्रिकेट एकेडमी के अंडर-16 खिलाड़ियों ने खेला अभ्यास मैच।


पिथौरा। स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल मैदान में पिथौरा क्रिकेट एकेडमी (पीसीए) द्वारा अंडर-16 खिलाड़ियों के बीच रोमांचक अभ्यास मैच आयोजित किया गया। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का अनुभव देना और उनके खेल कौशल को निखारना रहा।

अभ्यास मैच में खिलाड़ियों को रेड टीम और ब्लू टीम में बांटा गया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक रहा। बल्लेबाजों ने जहां तकनीक और धैर्य का परिचय दिया, वहीं गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से विपक्षी टीम को दबाव में रखा। फील्डिंग में भी खिलाड़ियों की चुस्ती और बेहतर तालमेल देखने को मिला।

पहले मुकाबले में रेड टीम ने जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे दिन ब्लू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेड टीम को हराकर हिसाब बराबर कर दिया। मैच के दौरान कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन व्यक्तिगत प्रदर्शन कर कोचिंग स्टाफ और दर्शकों को प्रभावित किया।

इस अवसर पर एकेडमी के संयोजक मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि पीसीए क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और अवसर की है। एकेडमी का लक्ष्य खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपने खेल को निखारकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, फिटनेस ट्रेनिंग और तकनीकी प्रशिक्षण के साथ मैच प्रैक्टिस कराई जा रही है। समय-समय पर इस तरह के अभ्यास मैच आयोजित कर खिलाड़ियों को वास्तविक मुकाबलों का अनुभव दिया जाता है।

मैच के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कोच सुनील यादव के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। वहीं कोच विजय गौतम और वरिष्ठ दुर्गेश सोनी ने बताया कि खिलाड़ियों की तकनीक के साथ फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अभ्यास मैच के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए एकेडमी की पहल की सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post