कोमाखान में अवैध शराब सिंडिकेट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 हजार की संपत्ति जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार।

उड़ीसा पासिंग महुआ शराब के साथ पुलिस का एक्शन, ₹500 मजदूरी पर बिक रही थी अवैध शराब, कोचिया गिरफ्तार।



कोमाखान। महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम देवरी (कोमाखान) में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसा गया। पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर 26 लीटर उड़ीसा पासिंग महुआ शराब, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और बिक्री रकम सहित कुल 52 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम देवरी मुक्तिधाम के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के माध्यम से पड़ोसी राज्य उड़ीसा से लाई गई महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान अमीर बक्स कुरैशी के कब्जे से 130 पाउच (प्रत्येक 200 एमएल) कुल 26 लीटर हिरण छाप महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में सामने आया कि यह शराब स्थानीय कोचिया नरेश मल्होत्रा की थी, जिसने उसे 500 रुपये मजदूरी देकर शराब बिकवाने के लिए लगाया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नरेश मल्होत्रा लंबे समय से कोमाखान क्षेत्र में अवैध शराब का नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ पूर्व में भी भादवि, आबकारी एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान 26 लीटर महुआ शराब, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post