फाइनल में दमदार वापसी, महासमुंद लिजेंड्स ने रचा इतिहास, राज्य की पहली हैंडबॉल लीग पर किया कब्जा।
कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य की पहली और सबसे बड़ी हैंडबॉल प्रीमियर लीग में महासमुंद जिले ने एक बार फिर अपने खेल कौशल का दम दिखाते हुए नया इतिहास रच दिया। कवर्धा हैंडबॉल द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रीमियर लीग में महासमुंद लिजेंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
महासमुंद हैंडबॉल की वर्षों से बनी पहचान और प्रतिष्ठा को कायम रखते हुए टीम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। लीग चरण में महासमुंद लिजेंड्स ने ठंडर स्ट्राइकर्स को 26-11, रायपुर टीम को 26-12 तथा डीसी वारियर्स कवर्धा को 22-11 के बड़े अंतर से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की।
इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में महासमुंद ने भोरमदेव पैलेस को 28-16 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। डीसी कवर्धा के खिलाफ पहले हाफ में दोनों टीमें 07-07 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में महासमुंद लिजेंड्स ने अपने अनुभव, गति और शानदार तालमेल का परिचय देते हुए मैच पूरी तरह अपने नाम कर लिया और 24-11 से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ की पहली हैंडबॉल प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया।
इस लीग में कुल 16 खिलाड़ियों ने विभिन्न टीमों से हिस्सा लिया। इनमें महासमुंद हैंडबॉल के खिलाड़ियों ने अलग-अलग टीमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महासमुंद लिजेंड्स में 5 खिलाड़ी, डीसी कवर्धा में 2, रायगढ़ में 3, राजनांदगांव में 2, ठंडर स्ट्राइकर में 2 और एसटी पैंथर्स में 2 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर जिले का नाम रोशन किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महासमुंद हैंडबॉल परिवार में खुशी का माहौल है। सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई दी। विशेष रूप से महासमुंद हैंडबॉल संघ के सचिव इमरान अली, महासमुंद लिजेंड्स के कोच रुपेश भाई, प्रमेश सर, आशीष भाई एवं सभी सदस्यों को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि महासमुंद के खेल संस्कार, मेहनत और हैंडबॉल के प्रति समर्पण का प्रतीक बनकर सामने आई है।

