फरार आरोपियों पर पुलिस की सख्ती, जिलेभर में चलाए गए अभियान में स्थायी वारंटी भी दबोचे।
महासमुंद। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा फरार एवं न्यायालय से अनुपस्थित वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 23 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चार दिनों तक जिलेभर में चलाया गया, जिसमें पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 94 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान के दौरान 06 स्थायी वारंटी और 88 गिरफ्तारी वारंट का निष्पादन किया गया। इन वारंटों में स्थानीय न्यायालयों के साथ-साथ अन्य जिलों के न्यायालयों से प्राप्त वारंट भी शामिल थे। गिरफ्तार किए गए स्थायी वारंटियों में आबकारी एक्ट के 4, छेड़छाड़ का 1 तथा गाली-गलौच और मारपीट के 1 मामले के आरोपी शामिल हैं। सभी को विधिवत कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।
अभियान के तहत जिले के सभी अनुविभागों में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर वारंट तामीली की कार्रवाई की गई। महासमुंद अनुविभाग में थाना कोतवाली से 10 गिरफ्तारी वारंट और 3 स्थायी वारंट, थाना तुमगांव से 11 गिरफ्तारी वारंट तथा थाना खल्लारी से 3 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 27 वारंटों की तामीली की गई।
इसी तरह पिथौरा अनुविभाग में थाना पटेवा से 2 गिरफ्तारी वारंट और 1 स्थायी वारंट, थाना पिथौरा से 14 गिरफ्तारी वारंट तथा थाना सांकड़ा से 5 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 22 वारंटों की तामीली की गई।
वहीं बागबाहरा अनुविभाग के अंतर्गत थाना कोमाखान से 2 स्थायी वारंट और थाना तेंदुकोना से 2 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 4 वारंटों को निष्पादित किया गया।
इसके अलावा सरायपाली अनुविभाग में थाना बसना से 16 गिरफ्तारी वारंट, थाना सरायपाली से 4 गिरफ्तारी वारंट तथा थाना सिंघोड़ा से 21 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 41 वारंटों की तामीली की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।







