छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति से सजी विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति।
महासमुंद //छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25वें वर्ष को रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अवसर पर महासमुंद जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्थापना विशेष पर्व रजत महोत्सव 2025 में शासकीय डीएमएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुति दी।
विद्यालय के लगभग 60 विद्यार्थियों ने बारह माह में छत्तीसगढ़ में मनाए जाने वाले प्रमुख लोक पर्वों की झांकी प्रस्तुत की, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। इन झांकियों में चैत्र माह का माटी तिहार, बैसाख का अक्ती-पुतरी तिहार, सावन का हरेली और राखी, भादो का भोजली, तीजा-पोरा और गणेश चतुर्थी, क्वार का नवरात्रि, कार्तिक का देवारी, पौष का छेरछेरा तथा फागुन का होली पर्व नृत्य और झांकी के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किए गए।
इस मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति के निर्देशक विद्यालय के व्यायाम शिक्षक हिरेंद्र साहू रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराना तथा राज्य की गौरवशाली विरासत पर गर्व की भावना उत्पन्न करना था।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरें, सहायक संचालक एन.के. सिन्हा, डीएमसी रेखराज शर्मा, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी अंजलि बरमाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी हिना ढालेन, संस्था के प्राचार्य के.के. शुक्ला, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रमेश साहू सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की इस सांस्कृतिक प्रस्तुति पर हर्ष व्यक्त किया।

