घोड़ारी शराब दुकान से अवैध परिवहन का खुलासा, 35 हजार की शराब और वाहन जप्त।
महासमुंद | 02 अप्रैल 2026
जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लीटर देशी मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना महासमुंद पुलिस को 02 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति घोड़ारी शराब दुकान से अधिक मात्रा में देशी मसाला शराब लेकर मोटरसाइकिल से जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेलसोंडा रेलवे फाटक के आगे एनएच-353 रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम इरफान खान (21 वर्ष) पिता युसुफ खान, निवासी वार्ड क्रमांक 03 स्टेशन पारा, महासमुंद बताया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-06-GZ-1822) के सामने रखी सफेद बोरी के अंदर 50 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180-180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी, जिसकी कुल मात्रा 9 लीटर पाई गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 30,000 रुपये) को जब्त कर लिया। इस प्रकार कुल 35,000 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
थाना महासमुंद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
