महासमुंद पुलिस का अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ा प्रहार, 75 लीटर महुआ शराब समेत चार आरोपी गिरफ्तार।
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले के सरायपाली, बसना और सांकरा थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग छापामार कार्रवाइयों में पुलिस ने 75 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त एक एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 95 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम जोगनीपाली मोड़ के पास पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी को रोका। जांच के दौरान स्कूटी में दो प्लास्टिक बोरियों में भरकर ले जाई जा रही 60 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने कुंदन तांडी और करन चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से 12 हजार रुपये कीमत की शराब और 80 हजार रुपये कीमत की स्कूटी जब्त की गई।
वहीं बसना थाना क्षेत्र के ग्राम ढालम में पंचायत भवन के पीछे दबिश देकर पुलिस ने प्रभात चौहान के कब्जे से 8 लीटर महुआ शराब जब्त की। आरोपी शराब को बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखा हुआ था। इसी प्रकार सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम केसरीपुर में किराना दुकान के पीछे छापेमारी कर आत्माराम पटेल के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने तीनों मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महासमुंद पुलिस के अनुसार विशेष अभियान के तहत अब तक जिलेभर में 655 प्रकरण दर्ज कर 741 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान की शुरुआत से अब तक 8,369.805 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 23 लाख 42 हजार 745 रुपये से अधिक है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।

