महासमुंद में अवैध महुआ शराब पर पुलिस का शिकंजा: 5 ठिकानों पर रेड, 55 लीटर शराब जब्त।

एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जंगलों में छिपाकर बनाई जा रही महुआ शराब नष्ट।


महासमुंद | 02 अप्रैल
जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और जिले के विभिन्न थाना व चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में कुल 55 लीटर महुआ शराब और 18 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11,800 रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम ने सरायपाली, बागबाहरा, चौकी बुंदेली और थाना खल्लारी क्षेत्र के कुल पांच ठिकानों पर एक साथ रेड कार्रवाई की। इस दौरान चार आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थ और महुआ शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 15 दिसंबर 2025 से अब तक 395 प्रकरणों में 451 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है, वहीं 5076.541 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख 78 हजार 305 रुपये आंकी गई है।

सरायपाली क्षेत्र में दो कार्रवाई



सरायपाली थाना क्षेत्र के भौरादादर मोड़ और ग्राम दर्राभाठा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहले मामले में मनबोध चौहान (46 वर्ष) निवासी ग्राम आंवला चक्का को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 20 लीटर महुआ शराब और 1800 एमएल देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 4,800 रुपये बताई गई है।
दूसरे मामले में पुलिस ने शैलेन्द्र दास (45 वर्ष) निवासी ग्राम विवातीपाली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 3,200 रुपये है।

बुंदेली चौकी क्षेत्र में कार्रवाई



थाना तेंदुकोना अंतर्गत पुलिस चौकी बुंदेली की टीम ने रामनगर पारा में दबिश देकर अवैध शराब बेचते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी प्रेमलाल दिवान (45 वर्ष) के कब्जे से करीब 15 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई है।



बागबाहरा में भी पकड़ी गई महुआ शराब

थाना बागबाहरा क्षेत्र के भानपुर वार्ड क्रमांक 01 में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिलीप चौहान (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 4 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 800 रुपये बताई गई है।
खल्लारी के जंगल में नष्ट किया गया महुआ पास
वहीं थाना खल्लारी क्षेत्र के ग्राम कुर्रुभाटा के जंगल में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर पुलिस टीम ने रेड की। मौके पर जंगल के अंदर चार ड्रम में रखा महुआ पास मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस का अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




Post a Comment

Previous Post Next Post