महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14 क्विंटल से अधिक अफीम पोस्त डोडा जब्त, हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार।

एनएच-53 पर नाकाबंदी में खुला तस्करी का राज, 2.25 करोड़ की अफीम पोस्त डोडा व पिकअप जब्त।



महासमुंद | 02 अप्रैल 2026

महासमुंद पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ अफीम पोस्त डोडा बरामद किया है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि HR46 F 4848 नंबर की एक पिकअप वाहन में दो व्यक्ति अफीम पोस्त डोडा लेकर ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप वाहन वहां पहुंचा, जिसे रोककर जांच की गई। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम हरविंदर सिंह (40 वर्ष) निवासी शांतिनगर, करनाल (हरियाणा) तथा उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सत्यवान वाल्मीकि (40 वर्ष) निवासी करनाल (हरियाणा) बताया।

पुलिस ने जब वाहन के पीछे डाले में रखी बोरियों की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह मादक पदार्थ गुमला (झारखंड) से रायपुर (छत्तीसगढ़) ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा (कीमत लगभग 2,14,80,000 रुपये), तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) जब्त कर लिए। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। बाद में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post