22.66 लाख रुपये के गबन का खुलासा: फाइनेंस कंपनी के दो फरार कर्मचारी गिरफ्तार, भेजे गए जेल।

ग्राहकों की रकम हड़पकर हुए थे फरार, सरायपाली पुलिस ने एक साल बाद दबोचे दो आरोपी।


महासमुंद। जिले में आर्थिक अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड शाखा सरायपाली में ग्राहकों से वसूली गई लाखों रुपये की राशि का गबन कर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय प्रबंधक हेमेन्द्र राजाराम जनबन्धु ने थाना सरायपाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड के शाखा प्रबंधक, फील्ड मैनेजर एवं क्रेडिट मैनेजर द्वारा ग्राहकों से वसूली गई रकम को कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय हड़प लिया गया। जांच में सामने आया कि चार कर्मचारियों ने अलग-अलग अवधि में कुल 22 लाख 66 हजार 645 रुपये का गबन किया।

शिकायत के आधार पर थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 341/2025 के तहत धारा 316(5) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस जांच में पाया गया कि शाखा प्रबंधक शुभम पाणीग्राही, फील्ड मैनेजर दीपक कुमार एवं रोहन प्रधान तथा क्रेडिट मैनेजर प्रमोद महंत ने ग्राहकों से प्राप्त राशि को कंपनी में जमा नहीं कर गबन किया।

मामले में पूर्व में एक आरोपी शुभम पाणीग्राही को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि शेष आरोपी फरार चल रहे थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। तकनीकी जांच, सीडीआर विश्लेषण एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 8 जून 2026 को फरार आरोपी रोहन प्रधान निवासी झगरेनडीह थाना पिथौरा तथा प्रमोद महंत निवासी पुसलदा जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा शेष आरोपियों की तलाश एवं मामले की जांच जारी है।

जिले में आर्थिक अपराध एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरुद्ध महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनता की मेहनत की कमाई का गबन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post