अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान: 2500 किलो महुआ लाहन नष्ट, 4 आरोपी गिरफ्तार।
महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सांकरा और थाना सरायपाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त की है।
थाना सांकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सावित्रीपुर के खार जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से महुआ शराब बना रहे हैं और उसे बिक्री के लिए जमा कर रखा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के कब्जे से करीब 260 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 52 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही मौके पर करीब 2000 किलो महुआ लाहन को नष्ट किया गया तथा शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे चूल्हों को भी तोड़ दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने टिकेश्वर कोसरिया (28 वर्ष), हेमंत लाल कुर्रे (26 वर्ष) और लोकनाथ बारीक (28 वर्ष) निवासी सावित्रीपुर के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
वहीं दूसरी ओर थाना सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम झालपाली में समयलाल भास्कर के खेत में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री करने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी बलराम भास्कर (25 वर्ष) के कब्जे से 60 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा मौके पर 11 बोरी में लगभग 500 किलो महुआ लाहन भी मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। जब्त शराब की कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक जिले में 5658.211 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत लगभग 14 लाख 25 हजार 215 रुपये बताई जा रही है। वहीं 444 प्रकरणों में 503 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

