महासमुंद : बागबाहरा में सट्टा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, ग्राहक बनकर पहुंची टीम ने दो खईवालों को रंगे हाथ पकड़ा।

 आईफोन, महंगे मोबाइल और नकदी जब्त: सट्टा लिखते दो आरोपी गिरफ्तार, जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई।


महासमुंद। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बागबाहरा पुलिस ने सट्टा कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए दो सट्टा खईवालों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राहक बनकर घेराबंदी करते हुए आरोपियों को सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा और उनके पास से महंगे मोबाइल फोन और नकदी बरामद की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बागबाहरा बस स्टैंड क्षेत्र में नीरज सोनी नामक व्यक्ति सट्टा खिलाने का अवैध कारोबार चला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने योजना बनाकर ग्राहक बनकर मौके पर पहुंची और बस स्टैंड में घेराबंदी कर दी। इस दौरान आरोपी नीरज सोनी सट्टा पट्टी लिखते हुए पाया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक आईफोन (कीमत लगभग 20 हजार रुपये), एक सैमसंग मोबाइल (10 हजार रुपये) और 2000 रुपये नगद सहित सट्टा पट्टी बरामद की गई। पुलिस ने कुल 32,010 रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने जयेश साहू (45 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 3 थाना पारा बागबाहरा को सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल (10 हजार रुपये) और 1800 रुपये नगद बरामद किए गए। कुल 11,800 रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ भी जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post