महासमुंद पुलिस की बड़ी सफलता: हादसे के बाद फरार अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा।
महासमुंद। जिले की खल्लारी थाना पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 माह से फरार चल रहे गांजा तस्करी के मुख्य अंतरराज्यीय आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही 190 किलोग्राम गांजा तस्करी और लापरवाही से वाहन चलाकर एक व्यक्ति की मौत का मामला दर्ज था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 जुलाई 2025 को आरोपी अमूल्य कुमार बिशोई अपनी कार (क्रमांक OR07 Z 0093) में भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहा था। इसी दौरान खल्लारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसने एक मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद आरोपी पुलिस के डर से अपनी कार और उसमें रखा लगभग 190 किलोग्राम (1 क्विंटल 90 किलोग्राम) गांजा मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 28 लाख 49 हजार 250 रुपये आंकी गई थी। इस मामले में थाना खल्लारी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए), 125(बी) और 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाना बदल-बदलकर रह रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद पुलिस और साइबर थाना की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम को आरोपी के ओडिशा राज्य के सुनाबेड़ा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तत्काल वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमूल्य कुमार बिशोई (48 वर्ष) पिता सनातन बिशोई निवासी सुनाबेड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 7 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस प्रकार के अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना खल्लारी और साइबर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
