पिथौरा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य समारोह, मातृशक्ति का हुआ सम्मान।

 महिला सशक्तिकरण पर जोर: पिथौरा में महिला एवं बाल विकास विभाग का विशेष कार्यक्रम आयोजित।


पिथौरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पिथौरा में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष एतराम साहू तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरषोत्तम घृतलहरे ने माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सीताराम सिंहा, महिला बाल विकास सभापति कवलजीत पम्मी छाबड़ा, जनपद सदस्य पुरषोत्तम घृतलहरे, पार्षद हेमलता निषाद, क्षमा गोयल, आनंद साहू, पंकज चंद्राकर और जीवन ताँड़ी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एतराम साहू ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार की योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।

जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि नारी शक्ति समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और महिलाओं के सशक्त हुए बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिंहा ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। वहीं सभापति कवलजीत पम्मी छाबड़ा ने कहा कि महिलाएं लगातार नए आयाम स्थापित कर रही हैं। जनपद सदस्य पुरषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि आज महिलाएं घर, समाज और देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सभी के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं।

इस अवसर पर तहसीलदार ललित सिदार, महिला एवं बाल विकास अधिकारी रतन तवर, डॉ. तारा अग्रवाल, संतोष गुप्ता, पूजा रानी सलूजा सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं को सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post