ओडिशा से नागपुर जा रहा था 23 लाख का गांजा, पलसापाली में पुलिस ने थार समेत 38.20 लाख की संपत्ति जब्त की।
महासमुंद (पलसापाली/बसना)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने पलसापाली के पास घेराबंदी कर एक थार वाहन से 46 किलो अवैध गांजा बरामद किया। मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से थार वाहन क्रमांक MH 31 GA 9533 में गांजा लेकर तस्कर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर बसना पुलिस और ANTF की टीम ने पलसापाली के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध थार वाहन मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 46 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 23 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बलांगीर, ओडिशा से गांजा लेकर नागपुर, महाराष्ट्र जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी:
- रुषभ सुरेशराव चौधरी (28), निवासी खंते ले आउट, काटोल, नागपुर, महाराष्ट्र।
- अशफाक रफ़ीक़ शेख (30), निवासी यशोधरा नगर, पिली नदी, उप्पलवाड़ी, नागपुर, महाराष्ट्र।
पुलिस द्वारा जब्त संपत्ति:
- 46 किलो गांजा — ₹23,00,000
- थार वाहन क्रमांक MH 31 GA 9533 — ₹15,00,000
- 2 मोबाइल फोन — ₹20,000
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹38,20,000 है। महासमुंद पुलिस और ANTF द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग एवं कार्रवाई की जा रही है।




