ओडिशा से रायपुर जा रहा था 40.20 लाख का गांजा, ANTF और कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्करी का खुलासा।
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान 80.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 40 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला और एक पुरुष कार में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टेमरी जांच नाका क्षेत्र में राजमार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार किया गया। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए और वाहन के आने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।
पूछताछ और जांच के दौरान कार से बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। कार में सवार दोनों आरोपियों की पहचान अभिजीत डिगाल (23), निवासी रायकिया, जिला कंधमाल, ओडिशा तथा जयश्री प्रधान (26), निवासी किलाकिया, थाना सारंगढ़, जिला कंधमाल, ओडिशा के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांजा कंधमाल, ओडिशा से रायपुर, छत्तीसगढ़ ले जाने की बात बताई। मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 159/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
🚔 48.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 80.400 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और एक कार जब्त की। पुलिस के मुताबिक जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 48 लाख 40 हजार रुपये है।
जब्ती का विवरण:
- 80.400 किलो गांजा — ₹40.20 लाख
- 2 मोबाइल फोन — ₹20 हजार
- कार क्रमांक DL 2C AX 0153 — ₹8 लाख
- कुल जब्ती — ₹48.40 लाख
महासमुंद पुलिस के अनुसार, अंतर्राज्यीय सीमा पर लगातार वाहन जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को सटीक सूचना, त्वरित नाकाबंदी और ANTF व कोमाखान पुलिस के समन्वित प्रयास का परिणाम बताया गया है।




