24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा: महासमुंद पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता, लूटकांड का आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा गिरफ्तार।


महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने जिले में हुए दो अलग-अलग लूटकांड के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। थाना पिथौरा और थाना सांकरा क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 08 मार्च 2026 की रात ग्राम टेका स्थित एचपी टीका फ्यूल्स पेट्रोल पंप में प्रार्थी हेमंत साहू (25 वर्ष) निवासी डुमरपाली थाना पिथौरा से तीन अज्ञात युवक पल्सर बाइक में पहुंचे और जबरन 36,500 रुपये नकद और एक पुराना रेडमी मोबाइल (कीमत लगभग 5,000 रुपये) लूटकर फरार हो गए। इस मामले में प्रार्थी की लिखित शिकायत पर थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसी प्रकार थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम लोहरीन्हडोंगेरी में भी तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सिलेश्वर सहिस से 500 रुपये नकद और दो पुराने मोबाइल (कीमत लगभग 18,000 रुपये) लूट लिए गए थे। इस मामले में थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 49/26 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर मामले की जांच तेज की। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा (19 वर्ष) निवासी संजय नगर सरायपाली थाना सरायपाली जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरे मामले की कार्रवाई में महासमुंद पुलिस और थाना पिथौरा पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post