सरायपाली में बड़ी कार्रवाई: 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

स्कूटी से हो रहा था अवैध शराब परिवहन, पुलिस और एंटी नारकोटिक टीम की संयुक्त रेड में खुलासा।


महासमुंद। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध शराब, नशीले पदार्थों और गांजा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 24 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नानकपाली निवासी दीपक भोई और तेज कुमार भोई एक काले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी में बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर नानकपाली से ग्राम अर्जुंदा की ओर बिक्री के लिए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम माधोपली कुटेला रोड के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक काले रंग की बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। चालक ने अपना नाम दीपक भोई और पीछे बैठे युवक ने अपना नाम तेज कुमार भोई बताया, जो दोनों ग्राम नानकपाली थाना सरायपाली के निवासी हैं।

पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें स्कूटी की सीट के आगे रखे दो सफेद प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। दोनों बोरे के अंदर बड़ी पारदर्शी झिल्ली में 35-35 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब रखी हुई थी। इस तरह कुल 70 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 14 हजार रुपये आंकी गई, बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी (कीमत लगभग 95 हजार रुपये) भी जब्त कर ली। इस तरह कुल 1 लाख 9 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 100/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरी कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली के निर्देशन में थाना सरायपाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post