मूकबधिर युवती की हत्या से सनसनी, आरोपी प्रेमी लोकनाथ पटेल गिरफ्तार।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने थाना बसना में सूचना दी कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले का शव घर से करीब 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है। पुष्पा जन्म से मूकबधिर थी। शव के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से किए गए गंभीर वार के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका स्पष्ट हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतिका के पिता से मिली जानकारी के आधार पर गांव के ही लोकनाथ पटेल (27 वर्ष) पर संदेह गहराया। पूछताछ में सामने आया कि लोकनाथ पटेल ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए थे और युवती गर्भवती हो गई थी। इसके बाद वह लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी।
पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी लोकनाथ पटेल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि समाज में बदनामी के डर से वह शादी नहीं करना चाहता था। इसी कारण उसने युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
आरोपी ने 23 मार्च की मध्यरात्रि लगभग 12:30 से 1 बजे के बीच युवती को बहला-फुसलाकर घर के पीछे खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पास पड़े एक भारी पत्थर से युवती के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मामले का शीघ्र खुलासा हो सका और क्षेत्र में फैली सनसनी पर विराम लग गया।
