कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से गांजा तस्करी करते दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार।

ओडिशा से हरियाणा जा रहा था 12 किलो से ज्यादा गांजा, 26 लाख की संपत्ति के साथ पुलिस ने पकड़ा।



महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कंटेनर वाहन में अवैध गांजा तस्करी करते दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.300 किलोग्राम गांजा सहित कुल 26 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों, अवैध शराब और गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 मार्च 2026 को थाना कोमाखान पुलिस की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कत्था रंग का कंटेनर वाहन क्रमांक HR 56 C 2387 में दो व्यक्ति ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं।



सूचना के आधार पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कंटेनर वाहन को रोककर उसमें सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम बाबूलाल (40 वर्ष) निवासी मथुरा, उत्तरप्रदेश और उसके साथ बैठे युवक ने अपना नाम रविन्द्र ठाकुर (19 वर्ष) निवासी आगरा, उत्तरप्रदेश बताया।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कंटेनर की तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन के केबिन में रखे बैंगनी रंग के बैग से खाखी टेप से पैक किए गए 6 पैकेट गांजा बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 12.300 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंटेनर वाहन (कीमत लगभग 20 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 4 हजार रुपये) और 1 हजार रुपये नगद भी जब्त किए। इस तरह कुल 26 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (B) (II) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 57 मामलों में 3122.500 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत 15 करोड़ 56 लाख 83 हजार रुपये आंकी गई है। इन मामलों में अब तक 149 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिनमें 44 छत्तीसगढ़ के और 105 अन्य राज्यों के हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अंतरराज्यीय मार्गों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post