महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 पत्ती ताश पर जुआ खेलते 7 आरोपी पकड़े, नकदी और वाहन बरामद।
महासमुंद । जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए महासमुंद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना बागबाहरा पुलिस ने ग्राम सोनदादर बांध के पास जुआ खेल रहे 7 लोगों को रंगे हाथों पकड़कर उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सोनदादर बांध के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वहां मौजूद 7 आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14,670 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 4 एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग 55,000 रुपये) और 3 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1,60,000 रुपये) बरामद की। इस तरह कुल 2,29,670 रुपये की संपत्ति जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है उनमें सोनू साहू, सेवक राम ध्रुव, गामा सिंह राजपूत, अजहर अली, अब्दुल रज्जाक, करण ध्रुव और भुनेश पटेल शामिल हैं। सभी आरोपी बागबाहरा और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

