बैंक से पैसा निकालकर लौट रहे व्यक्ति से झपटमारी, सरायपाली पुलिस ने आरोपी को दबोचा।
महासमुंद। सरायपाली पुलिस ने झपटमारी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटे गए 50 हजार रुपये नगद और बैंक पासबुक भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को प्रार्थी भोजराज पटेल (43 वर्ष) निवासी ग्राम रिमजी थाना सिंघोड़ा जिला महासमुंद अपने पिता कुरसो पटेल के साथ मोटरसाइकिल से धान बोनस की राशि निकालने के लिए जिला सहकारी बैंक सरायपाली आए थे। बैंक से 50 हजार रुपये निकालने के बाद जब वे फव्वारा चौक के पास पहुंचे, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पास से रकम झपटकर फरार हो गए।
घटना की लिखित शिकायत पर थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 83/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ग्राम माधोपाली पहुंची और घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विक्रम उर्फ वरुण बंछोर (20 वर्ष) निवासी ग्राम माधोपाली हाल वार्ड नंबर 12 बाजार पारा सरायपाली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 हजार रुपये नगद और प्रार्थी का बैंक पासबुक बरामद किया गया।
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को 11 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

