NIT रायपुर के शोधार्थी की बड़ी उपलब्धि, 3 पेटेंट और 5 अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रों से बनाई पहचान।
पिथौरा/रायपुर। महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवा और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर के शोधार्थी लकेश्वर डडसेना को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से न केवल पिथौरा बल्कि पूरे महासमुंद जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है।
छत्तीसगढ़ काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (CCOST) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय युवा वैज्ञानिक सम्मेलन का समापन 18 मार्च को IIIT नया रायपुर में हुआ। इस सम्मेलन में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली शोधकर्ताओं ने अपने-अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। इनमें लकेश्वर डडसेना के शोध को नवाचार, उपयोगिता और गुणवत्ता के आधार पर सर्वश्रेष्ठ चुना गया।
समारोह में प्रदेश के उच्च तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने लकेश्वर डडसेना को 21 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लकेश्वर डडसेना, जो कि पिथौरा निवासी लखन लाल डडसेना के सुपुत्र हैं, शोध और नवाचार के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। अब तक उनके नाम 3 पेटेंट दर्ज हो चुके हैं और उनके 5 शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
इस अवसर पर लकेश्वर डडसेना ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों, मार्गदर्शकों और संस्थान के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अपने शोध के माध्यम से समाज और तकनीक के बीच की दूरी को कम करना है।
लकेश्वर की इस उपलब्धि पर उनके मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। गीतेश पण्डा, मितेश साहू, ओम निषाद, आदित्यराज पण्डा, किशन भोई, गोविंद डड़सेना, सोनू निषाद, डॉ. प्रेमलाल साहू, वीरू प्रधान, दीपक सिन्हा, रिंकू सोनी, दिनेश सिन्हा, अविनाश पटेल, हुल्लाष निषाद, संजय निषाद, मनीष यादव, युगेश साहू, गोलू धीवर, देवा पटेल, दीनु नायक सहित अनेक मित्रों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

