ट्रक चालक की बदली नीयत: 30 मीट्रिक टन दाल-शक्कर हड़पने की कोशिश, कोमाखान पुलिस ने किया गिरफ्तार।

रायपुर से झारखंड जा रहा 16.5 लाख का माल छिपाया घर में, पुलिस ने 36.50 लाख की संपत्ति बरामद की।


महासमुंद। अमानत में खयानत के एक मामले में कोमाखान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने रायपुर से झारखंड भेजे जा रहे लाखों रुपये के दाल और शक्कर के माल को रास्ते में ही गायब कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में दाल-शक्कर सहित ट्रक मिलाकर कुल लगभग 36 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी गौतम चंद सेठिया (62 वर्ष) निवासी गुढ़ियारी रायपुर ने 14 मार्च 2026 को थाना कोमाखान में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2026 को करीब 30 मीट्रिक टन दाल और शक्कर, जिसकी कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये थी, को मां लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के ट्रक क्रमांक CG 04 ME 8671 में लोड कर चालक झनक नायक निवासी बसना और संतोष आदिवासी निवासी बरोदिया जिला सागर (मध्यप्रदेश) के माध्यम से चाईबासा (झारखंड) भेजा गया था।


निर्धारित समय पर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा और दोनों चालक-परिचालक के मोबाइल बंद हो गए। बाद में पता चला कि ट्रक को खाली हालत में ग्राम सिंघोड़ा के पास खड़ा कर दोनों फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 316(3) और 61(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश कर 16 मार्च को दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ट्रक में लदा पूरा माल ग्राम पटपरपाली स्थित एक मकान में छिपा दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां से शक्कर, अरहर, मसूर, मूंग, काबुली चना, उड़द, तुअर सहित विभिन्न प्रकार की दालों के सैकड़ों बैग बरामद किए।

बरामद सामग्री में करीब 200 क्विंटल शक्कर के 420 बोरे, अरहर दाल, मसूर दाल, मूंग, काबुली चना, राजमा, उड़द, तुअर सहित कई प्रकार की दालों के बैग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से माल के साथ ट्रक भी जब्त कर लिया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 36 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों झनक नायक (37 वर्ष) निवासी नायकपारा बसना जिला महासमुंद और संतोष आदिवासी (50 वर्ष) निवासी बरोदिया थाना मलथौन जिला सागर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post