महासमुंद : कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद, दो लोग हिरासत में।

 वाहन चेकिंग में खुला राज: उड़ीसा से रायपुर ले जाए जा रहे थे 500-500 के नोटों के 150 बंडल।



महासमुंद। जिले में सघन वाहन जांच के दौरान कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टेमरी नाका पर चेकिंग के दौरान एक कार से 75 लाख रुपये की नगदी बरामद की है। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। नगदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने कार, मोबाइल और नगदी सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 को टेमरी नाका में नियमित वाहन जांच के दौरान उड़ीसा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार क्रमांक OD 05 PB 2122 को रोका गया। कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27 वर्ष) निवासी मुंडापला थाना बेलपला जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया। वहीं चालक के पास वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47 वर्ष) निवासी वार्ड 02 डेली मार्केट कांटाबांजी थाना कांटाबांजी जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया।

वाहन की जांच के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे नीले रंग के बैग के संबंध में पूछताछ की गई। महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि बैग में रखी नगदी सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित है, जिसे कांटाबांजी से रायपुर स्थित मनोहर मका एंड कंपनी और 60 ज्वेलर्स को देने के लिए ले जाया जा रहा था।

पुलिस द्वारा बैग की तलाशी लेने पर उसमें 500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट थे, जिनकी कुल राशि 75 लाख रुपये निकली। पुलिस ने नगदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये नगद, होंडा कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया। इस प्रकार कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।

कोमाखान पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और नगदी के स्रोत तथा इसके उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post