वर्ष 2026 की 29वीं कार्रवाई: बागबाहरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त छापेमारी, स्कूटी-नकदी-मोबाइल जब्त।
महासमुंद, 04 फरवरी 2026। जिला एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स (ANTF) द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी पर लगातार प्रभावी कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में वर्ष 2026 के प्रारंभ से अब तक की 29वीं बड़ी कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ एवं थाना बागबाहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी में संलिप्त तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 5.265 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 63 हजार 250 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त नीले रंग की एक्सेस स्कूटी क्रमांक MP 20 XB 0490, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये है, नगदी राशि 5,400 रुपये तथा चार नग विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20,500 रुपये) को भी जप्त किया गया है। इस प्रकार जप्त संपत्ति का कुल मूल्य 3 लाख 79 हजार 150 रुपये है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरुद्ध एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट एवं डेस्टिनेशन प्वाइंट पर सख्त और विधिवत कार्यवाही करने के निर्देश प्राप्त हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति ओडिशा राज्य की ओर से गांजा लेकर नीले रंग की एक्सेस स्कूटी में सवार होकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका और पूछताछ के साथ वाहन एवं सामग्री की तलाशी ली। जांच के दौरान एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखा अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
मामले में विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए थाना बागबाहरा में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एवं धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है। यह संपूर्ण कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स एवं थाना बागबाहरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 के प्रारंभ से अब तक जिले में कुल 2152.981 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा (अनुमानित कीमत 10 करोड़ 73 लाख 87 हजार 358 रुपये) जप्त किया जा चुका है। इस दौरान कुल 74 तस्कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 58 आरोपी अन्य राज्यों के निवासी हैं।
जप्त संपत्ति का विवरण:
5.265 किलोग्राम गांजा – कीमत 2,63,250 रुपये
एक्सेस स्कूटी (MP 20 XB 0490) – कीमत लगभग 90,000 रुपये
चार नग मोबाइल फोन – कीमत लगभग 20,500 रुपये
नगदी राशि – 5,400 रुपये
कुल जुमला – 3,79,150 रुपये
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
अनिश डागौर, पिता हरिप्रसाद डागौर, उम्र 26 वर्ष, निवासी महाऋषि अरविंद वार्ड, थाना बेलबाग, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश)
निहाल, पिता मोहम्मद अनवाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी महाऋषि अरविंद वार्ड, थाना बेलबाग, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश)
हिमांशु बेन, पिता रामचरण बेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी महाऋषि अरविंद वार्ड, थाना बेलबाग, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश)
