ग्राम विकास और जन-जागरूकता का संकल्प, एनएसएस शिविर में स्वयंसेवकों का उत्साह।
पिथौरा | 28 जनवरी 2026 चंद्रपाल डड़सेना शासकीय महाविद्यालय, पिथौरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई द्वारा ग्राम परसापाली में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 28 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह ग्राम परसापाली के सरपंच श्री तुलाराम ध्रुव के मुख्य आतिथ्य एवं प्रभारी प्राचार्य श्रीमती करुणा दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रभारी प्राचार्य करुणा दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर अवधि के दौरान ग्राम विकास, स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती शैलेन्द्री ध्रुव एवं उपसरपंच श्री सोनू राम ध्रुव उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से टिकेश्वरी ध्रुव (सहायक प्राध्यापक, रसायनशास्त्र), राकेश तिवारी (इतिहास विभाग), रामकुमार रविदास (सहायक कार्यक्रम अधिकारी), डेरहिन ध्रुव (अतिथि क्रीड़ा अधिकारी) सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ऊर्जावान एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।
सात दिवसीय शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्री शेखर कानूनगो के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर संचालन हेतु स्वयंसेवक नूतन कुमार को दलनायक तथा ज्योति बाधवानी को दलनायिका नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए ग्राम सेवा एवं सामाजिक उत्थान के कार्यों को सफल बनाने का संकल्प लिया।




