एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की एंड टू एंड कार्रवाई, 27 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के मादक पदार्थ जब्त।
महासमुंद | 29 जनवरी 2026 जिला महासमुंद में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं जिला पुलिस द्वारा बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई है। नारकोटिक्स एक्ट के तहत दर्ज मामलों में एंड टू एंड विवेचना करते हुए पुलिस ने तस्करी के पूरे सप्लाई चैन पर प्रहार किया है।इस संयुक्त कार्रवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 08 प्रकरणों में कुल 1,580 किलोग्राम गांजा एवं मादक सिरप की बड़ी खेप जब्त की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह तस्करी नेटवर्क छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। आरोपियों के विरुद्ध परिवहनकर्ता, गांजा मंगाने वाले (फॉरवर्ड लिंक) और सप्लायर (बैकवर्ड लिंक) के रूप में कार्रवाई की गई है।
सबसे बड़ी कार्रवाई कोमाखान थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां दो अलग-अलग मामलों में 520 किलोग्राम और 950 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत क्रमशः 2 करोड़ 60 लाख रुपये और 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है। इन मामलों में महाराष्ट्र और ओडिशा के तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं सिंघोड़ा, बसना और तुमगांव थाना क्षेत्रों में भी गांजा एवं नशीले सिरप की तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई तस्करी नेटवर्क को जड़ से तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आगे भी अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रहेगा।
इस संपूर्ण कार्रवाई को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं जिला महासमुंद पुलिस द्वारा अंजाम दिया गया है।

