छत्तीसगढ़ में साइबर सुरक्षा की बड़ी पहल, आठ जिलों में शुरू हुए साइबर थाने।

 डिजिटल अपराधों पर कसता शिकंजा, मुख्यमंत्री ने किया साइबर थाना का वर्चुअल शुभारंभ।


महासमुंद | 28 जनवरी 2026 डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल जैसे साइबर अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रदेश के आठ जिलों में साइबर थाना की शुरुआत की गई।



दिनांक 28 जनवरी 2026 को माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा वर्चुअल माध्यम से महासमुंद, बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, धमतरी, जांजगीर-चांपा, जशपुर एवं राजनांदगांव जिलों में साइबर थाना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री विकास शील, अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री मनोज कुमार पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक हाउसिंग बोर्ड श्री पवन देव एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) श्री अमित कुमार उपस्थित रहे।

साइबर पुलिस थाना महासमुंद के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, कलेक्टर महासमुंद श्री विनय लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक महासमुंद श्री प्रभात कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कहा कि साइबर थानों की स्थापना से साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव होगी, जिससे आम नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा और विश्वास मजबूत होगा। यह पहल डिजिटल इंडिया के संकल्प को सशक्त आधार प्रदान करती है।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद श्री प्रभात कुमार ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन अपराध या संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की जानकारी तत्काल साइबर थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें, ताकि समय रहते विधि सम्मत कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सारिका वैद्य, उप पुलिस अधीक्षक श्री अजय शंकर त्रिपाठी, श्री चुन्नू तिग्गा एवं महासमुंद के प्रथम साइबर थाना प्रभारी श्री राजीव नाहर सहित साइबर थाना महासमुंद में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post