शासकीय महाविद्यालय पिथौरा की पहल: परसापाली में पशु चिकित्सा शिविर और आयुर्वेदिक जागरूकता से ग्रामीणों को मिला लाभ

स्वच्छता से स्वास्थ्य तक: शासकीय महाविद्यालय पिथौरा के रासेयो शिविर में जनहितैषी गतिविधियों की सराहना।



 पिथौरा | 29 जनवरी 2026 शासकीय महाविद्यालय पिथौरा द्वारा ग्राम परसापाली में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस विभिन्न जनहितैषी एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा ग्रामीण जीवन से सीधा जुड़ाव स्थापित करना रहा।

दूसरे दिन प्रातः प्रभात फेरी एवं योग-पीटी के पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों एवं परिसरों की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इसके पश्चात ग्रामवासियों एवं पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के पशु चिकित्सकों द्वारा गाय, बैल, बकरी सहित अन्य पालतू पशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही पशुपालकों को टीकाकरण, पोषण, रोग-निवारण एवं पशुओं की स्वच्छ देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और उन्होंने महाविद्यालय एवं एनएसएस इकाई के प्रयासों की सराहना की।

दोपहर सत्र में स्वयंसेवकों के लिए बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें आयुर्वेद विशेषज्ञों एवं आमंत्रित वक्ताओं द्वारा आयुर्वेदिक औषधियों के महत्व, उनके पारंपरिक उपयोग तथा दैनिक जीवन में स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

दिनभर चले इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग एवं नेतृत्व के गुणों का विकास हो रहा है। रासेयो शिविर स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



Post a Comment

Previous Post Next Post