धान घोटाले पर प्रशासन का शिकंजा, संयुक्त टीम की जांच के बाद बालोदिया राइस मिल पर कार्रवाई।
महासमुंद (सरायपाली )| प्रशासन द्वारा सरायपाली स्थित बालोदिया राइस मिल को अनियमितता पाए जाने पर सील कर दिया गया है। भौतिक सत्यापन के दौरान राइस मिल में निर्धारित स्टॉक के मुकाबले 61,203 बोरा धान की कमी पाई गई, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुपमा आनंद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान मिल में कुल 37,759.6 क्विंटल धान (94,399 बोरा) एवं 2,328 क्विंटल चावल (4,656 बोरा) का लेखा-जोखा जांच के दायरे में लिया गया, जिसमें स्टॉक की उपलब्धता और रिकॉर्ड में स्पष्ट अंतर पाया गया।
अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने मिल परिसर में उपलब्ध समस्त धान एवं चावल स्टॉक को जब्त कर लिया तथा आज राइस मिल को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्रीधर पंडा, खाद्य विभाग, मंडी समिति एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर धान के अवैध परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।


