पिथौरा वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ग्राम जम्हर में सागौन लकड़ी की अवैध जप्ती।

जंगल से काटकर घर में छिपाई गई सागौन लकड़ी बरामद, वन अपराध प्रकरण दर्ज।

पिथौरा। वन परिक्षेत्र पिथौरा अंतर्गत ग्राम जम्हर में वन विभाग ने सागौन लकड़ी के अवैध भंडारण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 13 जनवरी 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने सीताराम चौधरी पिता गणेशराम चौधरी के घर एवं बाड़ी में दबिश दी, जहां तलाशी के दौरान सागौन की इमारती लकड़ी एवं चिरान जप्त की गई।

इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 13417/25 दिनांक 13.01.2026 दर्ज कर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। जप्त सागौन लकड़ी का अनुमानित मूल्य लगभग एक लाख बत्तीस हजार रुपये बताया गया है।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी महासमुंद मयंक पांडेय के निर्देशन में, संयुक्त वनमंडलाधिकारी पिथौरा सुश्री डिम्पी बैस के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा शालिकराम डड़सेना के नेतृत्व में सुबह तड़के की गई। तलाशी के दौरान घर एवं बाड़ी में छिपाकर रखे सागौन लट्ठे और चिरान बरामद किए गए। बाड़ी में पैरा के नीचे छिपाए गए सागौन के गोले लगभग एक सप्ताह पूर्व पास के जंगल से काटकर लाए गए थे।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी बेटी की शादी के लिए फर्नीचर बनवाने के उद्देश्य से मजदूरों के माध्यम से जंगल से सागौन लकड़ी मंगवाने की बात स्वीकार की है। जप्त की गई समस्त सागौन लकड़ी को काष्ठागार पिथौरा में सुरक्षित परिवहन किया गया है।

इस कार्रवाई में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम पिथौरा, वन अमला, सुरक्षा श्रमिकों तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post