महासमुंद में नशे पर बड़ी चोट: 150 किलो गांजा जब्त, 75 लाख की खेप के साथ 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार।

Anti Narcotics Task Force और बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 95 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त।


महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। Anti Narcotics Task Force एवं थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 150 किलो 750 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपये है, जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में गांजा तस्करी में संलिप्त तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को निर्देश प्राप्त थे कि गांजा तस्करी के विरुद्ध एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन करते हुए सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त दो क्रेटा कार, जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, तथा तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन, कीमत करीब 15 हजार रुपये, कुल मिलाकर लगभग 95 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में तन्मय मिश्रा उर्फ लिपुन (29 वर्ष), प्रमोद कल्ता उर्फ सिकन (25 वर्ष) और दीनबंधु मिश्रा (39 वर्ष), सभी निवासी ओडिशा राज्य के बताए गए हैं। आरोपियों का कृत्य नारकोटिक एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत पाए जाने पर थाना बसना में अपराध क्रमांक 32/2026 पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, विगत एक माह के भीतर महासमुंद जिले में कुल 860 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 30 लाख रुपये है, जब्त की जा चुकी है। यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post