खेल से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार – मनमीत छाबड़ा।

यंग क्रिकेट क्लब की टी-20 ड्यूस बॉल प्रतियोगिता में उमड़ा उत्साह।

पिथौरा। नगर में इन दिनों यंग क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजित टी-20 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन खेल प्रेमियों और स्थानीय दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूरे क्षेत्र से पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों ने मैदान पर उत्साह और रोमांच से भरा माहौल निर्मित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा युवाओं में अनुशासन, दक्षता और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।

बुधवार को आयोजित प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा, अध्यक्षता भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनमोहन जैन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता किशोर पटेल मंचासीन रहे। क्लब द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि पिथौरा का नाम खेल के क्षेत्र में फिर से तेजी से उभर रहा है। लगातार हो रहे खेल आयोजनों से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल जहाँ शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं, वहीं समाज में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और भाईचारे का संचार भी करते हैं।

प्रतियोगिता के दौरान टीमों के बीच हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाज़ी, सटीक गेंदबाज़ी और तेज़तर्रार क्षेत्ररक्षण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हर चौके और छक्के पर मैदान तालियों की गूंज से गूंजता रहा। खिलाड़ियों का जोश और खेल के प्रति समर्पण पूरे आयोजन में स्पष्ट दिखा।

आयोजन समिति के अंजय सिन्हा और उनके साथियों की मेहनत मैदान की व्यवस्था में साफ झलक रही थी। बेहतरीन मैदान तैयारी, निष्पक्ष अंपायरिंग और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं ने प्रतियोगिता को सफल और अनुकरणीय बना दिया। दर्शकों ने पूरे समय खेल का आनंद लिया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।

आयोजन समिति ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं क्षेत्र के युवाओं को अपने कौशल निखारने, बेहतर प्रदर्शन करने और भविष्य में बड़े खेल मंचों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा खिलाड़ी और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा और उत्साह को और बढ़ा दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post