किसानों और मजदूरों के हक़ में सड़क पर उतरी कांग्रेस, NH-6 पर सांकेतिक चक्का जाम कर सरकार को चेताया।
पिथौरा| दिनांक 30 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पिथोरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मनरेगा बचाओ संग्राम एवं किसानों के हित में धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री करण सिंह दीवान एवं मुकेश यादव ने किया।
यह धरना-प्रदर्शन NH-6 स्थित महिंद्रा सीसी शो-रूम के पास आयोजित किया गया, जहाँ कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, किसानों एवं मजदूरों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखा। आंदोलन के माध्यम से सरकार से धान खरीदी की निर्धारित तिथि आगे बढ़ाने तथा टोकन काटने की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रमुख मांगों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को पूर्व की भांति यथावत रखने, काम की गारंटी, मजदूरी की गारंटी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने, मनरेगा नियमों में किए गए हालिया बदलावों को तत्काल वापस लेने, काम के संवैधानिक अधिकार की पूर्ण बहाली तथा मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी ₹400 प्रतिदिन निर्धारित करने की मांग शामिल रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह दीवान, मुकेश यादव, बुद्धेश्वर डडसेना, अनंत सिंह वर्मा, नरेंद्र सेन, मंडल अध्यक्ष घनश्याम धांधी, राजू सिन्हा, मंडल अध्यक्ष पूनम मानिकपुरी, जयराम वर्मा, कौशल रोहिला, रामनारायण तिवारी, सुदर्शन मुन्ना, दिनेश नामदेव, हेमलता निषाद, लता ठाकुर, हरधन साहू, धनेश ध्रुव, फरफुल राजपूत, महेंद्र साहू, काशी राम शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियाँ किसान एवं मजदूर विरोधी हैं और जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता, मजदूर एवं किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
