ग्राम परसापाली में एनएसएस की पहल, युवाओं व ग्रामीणों को मिला सुरक्षित और स्वस्थ जीवन का संदेश।
महासमुंद (पिथौरा ) | शासकीय महाविद्यालय पिथौरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत ग्राम परसापाली में जनजागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों एवं युवाओं को साइबर अपराध, नशा मुक्ति तथा यातायात सुरक्षा जैसे समसामयिक और महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में थाना प्रभारी पिथौरा सिद्धार्थ मिश्रा उपस्थित रहे, उनके साथ कांस्टेबल रामविलाश साहू भी शामिल हुए। मुख्य वक्ता ने अपने उद्बोधन में साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताते हुए ओटीपी साझा न करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक से बचने तथा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलवाई। यातायात सुरक्षा के संदर्भ में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा सड़क नियमों के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने पोस्टर, नारे एवं संवाद के माध्यम से ग्रामीणों तक जागरूकता का संदेश पहुँचाया। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य शैलेन्द्री ध्रुव, सरपंच तुलाराम ध्रुव, उपसरपंच सोनू राम ध्रुव सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी प्रो. शेखर कानूनगो, टिकेश्वरी, रामकुमार रविदास, डेरहीन ध्रुव एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
यह आयोजन युवाओं एवं आमजन में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने तथा सुरक्षित, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।



