लूट की नीयत से महिला की हत्या, लाश जलाई… महासमुंद पुलिस ने खोला राज।
महासमुंद // महासमुंद जिले के थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत कोडार डेम जंगल में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी सूरज ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने लालच और लूट की नीयत से एक महिला की हत्या कर शव को जंगल में जलाने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2025 को कोडार डेम के सागौन जंगल में एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना पर थाना तुमगांव में अपराध क्रमांक 82/25 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान डीएनए परीक्षण से मृतिका की पहचान सुनीता रजक (55 वर्ष), निवासी धमतरी के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि सुनीता रजक अपनी बड़ी बहन के घर ग्राम पटेवा मड़ई मेला देखने आई थी और 30 जनवरी 2025 को पटेवा से महासमुंद जाने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति की मोटरसायकल में बैठी थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। इस संबंध में थाना पटेवा में गुम इंसान दर्ज था।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने संदेही सूरज ध्रुव, निवासी ग्राम खुंटेरी थाना खल्लारी से पूछताछ की, जहां उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में वर्ष 2018 में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और दिसंबर 2024 में रिहा हुआ था।
आरोपी ने महिला को काम और घर छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ रखा और बाद में उसके गहनों के लालच में जंगल ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए शव को कपड़ों, सूखे पत्तों और लकड़ियों से जलाया गया।
आरोपी की निशानदेही पर मृतिका के सोने-चांदी के गहने और घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल CG 06 GA 3140 बरामद की गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस अंधे कत्ल को सुलझाने में थाना प्रभारी तुमगांव निरीक्षक दिनेश कुमार यादव, निरीक्षक विनोद कश्यप (सायबर सेल) सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
