बेलसोंडा केंद्र में पारदर्शी खरीदी की मिसाल — किसानों ने कहा, ‘टोकन तुहर ऐप से प्रक्रिया आसान’।
महासमुंद, 28 नवंबर 2025। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में धान खरीदी तेजी से आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार अब तक 80,600 टन धान की खरीदी हो चुकी है तथा आज 5,707 टन और खरीदी की जाएगी। इस प्रकार कुल खरीदी का आंकड़ा 86,307 टन तक पहुँच रहा है। जिले में धान खरीदी के अभी 40 दिन शेष हैं।
182 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी सुचारू रूप से जारी है। इसी क्रम में बेलसोंडा धान उपार्जन केंद्र में भी पारदर्शी और व्यवस्थित खरीदी की मिसाल देखने को मिल रही है। अब तक यहाँ 9,330.80 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है, जिसमें 2,346.80 क्विंटल मोटा धान और 6,984 क्विंटल सरना धान शामिल है। केंद्र प्रभारी के अनुसार अधिकांश किसान ऑनलाइन टोकन लेकर निर्धारित समय में पहुँच रहे हैं, जिससे प्रक्रिया तेज़ और भीड़मुक्त बनी हुई है।
धान बेचने पहुंचे किसान भी व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे।
नांदगांव के किसान भूपेन्द्र कुमार पटेल ने 7 एकड़ खेत से उपजाए 80 क्विंटल धान को सहज प्रक्रिया में विक्रय किया।
नांदगांव की सतीश सोनी ने 28 क्विंटल धान बेचा और बताया कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
घोड़ारी के लघु कृषक पवन चक्रधारी ने 44.40 क्विंटल धान बेचा और ऑनलाइन टोकन प्रणाली को किसान हितैषी बताया।
केंद्र में बारदाना, तौल, नमी जांच व भुगतान व्यवस्था पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत और पारदर्शी है। किसानों को 72 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है। सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के कारण केंद्र पर किसानों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में खरीदी में और वृद्धि की संभावना है।


