पिथौरा के इग्नाइट स्कूल में शिक्षक दिवस पर गूंजा सम्मान का स्वर, शिक्षकों को किया गया सम्मानित।

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां, वक्ताओं ने शिक्षक-विद्यार्थी के आत्मीय रिश्ते और कर्तव्य की दिलाई याद।


पिथौरा। शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय (IGNITE), पिथौरा में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस सह शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम सेवानिवृत्त प्रधान पाठक श्री नरेश कुमार नायक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान और विद्यार्थियों की प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं प्राथमिक शाला विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री मोहितराम सिन्हा, माध्यमिक शाला पिथौरा के अध्यक्ष श्री बोधराम पटेल, संकुल समन्वयक श्री खगेश्वर डड़सेना, युवा वैज्ञानिक एवं पत्रकार श्री गौरव चंद्राकर सहित अन्य पालक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शिक्षक के कर्तव्य और परिवार का उदाहरण देकर विद्यार्थियों को किया प्रेरित


मुख्य अतिथि श्री नरेश कुमार नायक ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों के दायित्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने परिवार एवं जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को एकाग्रता और तल्लीनता के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम भी है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री मोहितराम सिन्हा ने शिक्षक और विद्यार्थी के आत्मीय संबंध को कबीर के दोहे से जोड़ते हुए गुरु के महत्व को रेखांकित किया।

संकुल समन्वयक श्री खगेश्वर डड़सेना ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों द्वारा किए गए आयोजन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए शिक्षकों को मर्यादित रहते हुए विभागीय नियमों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

बाल कैबिनेट प्रमुख ने बताया डॉ. राधाकृष्णन के जीवन का महत्व


विद्यार्थियों की ओर से बाल कैबिनेट प्रमुख लक्ष्य गौतम ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन-वृत्तांत पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षक दिवस के इतिहास और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने गीत, कविता और नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों और पालकों ने खूब सराहा।


शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मान


प्रभारी प्रधान पाठक श्री पुष्पकांत साहू ने अपने उद्बोधन में हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए शिक्षक की गरिमा, जिम्मेदारियों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ शिक्षिकाओं मनमीत कौर खनूजा, गुरप्रीत कौर नामदेव एवं शिक्षक वेदेश्वर प्रसाद जोशी ने भी अपने संबोधन में शिक्षक दिवस की महत्ता और विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर विचार साझा किए।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा शिक्षकों के उत्कृष्ट शिक्षण कौशल, प्रेरणा, मार्गदर्शन, निष्ठा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण का सम्मान करते हुए शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक श्री योगेश कुमार यदु ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर शिक्षिका जयंती पटेल, अंशु अवस्थी एवं शिक्षक सूर्यकांत कोसरिया सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यार्थी कंचन पटेल एवं संध्या ठाकुर ने किया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और शिक्षकों के सम्मान से आयोजित समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post