ओडिशा से मुंगेली ले जाया जा रहा था गांजा, 8.61 लाख की संपत्ति जब्त।

बस के इंतजार में खड़े तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े, बैग से 8.41 लाख का गांजा बरामद।


महासमुंद। जिले में नशे के कारोबार और गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोमाखान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास एक महिला और एक व्यक्ति बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।


पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने अपना नाम कु. कामिनी खाण्डे, पिता सदानंद खाण्डे, उम्र 20 वर्ष, निवासी हरदी, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर बताया। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी था।


एम. रामपुर से पथरिया ले जाने की थी योजना


पुलिस पूछताछ में जानकारी सामने आई कि कथित रूप से गांजा एम. रामपुर (ओडिशा) से लाकर पथरिया, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़) ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान बैग से 16.820 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।


8.61 लाख की संपत्ति जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने—


🔸 16.820 किलोग्राम गांजा — कीमत 8 लाख 41 हजार रुपये

🔸 02 मोबाइल फोन — कीमत 20 हजार रुपये


जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति की कीमत 8 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज


महिला आरोपी के विरुद्ध थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।


थाना कोमाखान पुलिस की इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ लगातार निगरानी एवं कार्रवाई जारी है।




Post a Comment

Previous Post Next Post