पिथौरा में भाजपा नेताओं ने सुनी ‘मन की बात’।

 पीएम मोदी ने नशामुक्ति, स्वच्छता और जनभागीदारी पर दिया जोर।


पिथौरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का रविवार को पिथौरा के बूथ क्रमांक 20 में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ अभियान, नशे के खिलाफ जागरूकता, स्वच्छता, जनभागीदारी और युवाओं के प्रयासों पर देशवासियों से संवाद किया।


इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, वरिष्ठ पार्षद मन्नू लाल ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि मनमीत रिक्की छाबड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल, पार्षद रामकुवार सिन्हा, एल्डरमैन किशोर पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता रैदास गोयल, रमेश पटेल, इंद्रेश्वर सिन्हा, सतीश ध्रुव  और सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रपाल तारक सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


फूलों की खेती से बदली तस्वीर: पीएम मोदी ने नगालैंड के फेक जिले की वेसालु पुरो का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह अपने शौक को मेहनत और वैज्ञानिक मार्गदर्शन से रोजगार और व्यवसाय का माध्यम बनाया जा सकता है। फूलों के प्रति रुचि को उन्होंने वैज्ञानिक खेती से जोड़ा और आज उनके फूल नगालैंड से दिल्ली और मुंबई तक पहुंच रहे हैं।


अमरनाथ यात्रा में स्वच्छता अभियान की सराहना: पीएम ने अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता और जनभागीदारी का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरा एकत्र कर प्रोसेस किया गया। 16 हजार से अधिक यात्रियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया और 10 हजार से अधिक यात्रियों को ‘जिम्मेदार यात्री’ प्रमाण पत्र दिया गया।


युवाओं के अभियान का किया जिक्र: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव के युवाओं आकाश और रोहन के स्वच्छता अभियान की भी प्रधानमंत्री ने सराहना की। उनके प्रयास से युवाओं की ‘क्लीन-अप पटवाई’ टीम बनी, जिसने चार गंगा घाटों की सफाई कर एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाया है।


कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के संदेशों को आत्मसात करते हुए स्वच्छता, नशामुक्ति और जनभागीदारी को समाज के बीच पहुंचाने का संकल्प लिया।





Post a Comment

Previous Post Next Post