10 दिन से जंगल में भटक रहे वृद्ध को ग्रामीण युवाओं ने बचाया, तेज बारिश के बीच घंटों चला रेस्क्यू।

जम्हर के युवाओं की मानवीय पहल: जंगल में भटके 70 वर्षीय वृद्ध को खोजकर परिजनों से मिलाया।



महासमुंद।

मानवीय संवेदनाओं की एक मिसाल पेश करते हुए ग्राम जम्हर और बारनवापारा के घने जंगल क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों से अपने परिजनों से बिछड़कर भटक रहे एक वृद्ध व्यक्ति को स्थानीय युवाओं ने बड़ी मशक्कत के बाद सकुशल खोज निकाला। तेज बारिश और जंगल में हिंसक जंगली जानवरों के खतरे के बीच घंटों तक चली तलाश के बाद वृद्ध को जंगल से बाहर निकालकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार 30 अगस्त 2026 को कुछ स्थानीय युवाओं ने जम्हर के घने जंगल क्षेत्र में करीब 70 से 75 वर्ष उम्र के एक वृद्ध व्यक्ति को भटकते हुए देखा। इसकी सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत जम्हर की सरपंच तुलाबाई घनश्याम पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ग्रामीण युवाओं की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।



तेज बारिश के बीच जंगल में घंटों तक की तलाश

बताया गया कि वृद्ध पिछले लगभग 10 दिनों से अपने परिजनों से बिछड़ने के बाद जंगल क्षेत्र में भटक रहा था। जंगल का इलाका घना होने के साथ ही बारिश के कारण रास्ते भी कठिन हो गए थे। इसके बावजूद ग्रामीण युवाओं ने हिम्मत नहीं हारी और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश करते रहे।

काफी मशक्कत और घंटों की खोजबीन के बाद टीम ने वृद्ध को जंगल के भीतर से खोज निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित बाहर लाया गया।

परिजनों तक पहुंची सूचना, सकुशल किया सुपुर्द

घटना की जानकारी मिलने पर वृद्ध के परिजन टुरीडीह-झलप निवासी मनमोहन चौहान, घनाराम चौहान और संजय चौहान मौके पर पहुंचे। स्थानीय युवाओं ने वृद्ध नामदेव चौहान को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

वृद्ध को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और इस मानवीय कार्य के लिए सरपंच व ग्रामीण युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन युवाओं की रही सराहनीय भूमिका

इस रेस्क्यू अभियान में सरपंच पति घनश्याम पटेल, गौरसिंह ठाकुर, कुबेर पटेल, वरुण निर्मलकर, मनीराम ठाकुर, धनीराम ठाकुर और बहादुर ठाकुर सहित अन्य ग्रामीण युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

घने जंगल, तेज बारिश और जंगली जानवरों के खतरे के बावजूद ग्रामीण युवाओं द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवता की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post