🇮🇳 महासमुंद में गूंजा ‘भारत माता की जय’, तिरंगा यात्रा से देशभक्ति के रंग में रंगा शहर।

🏍️ 150 जवानों ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली, 99 मोटरसाइकिलों पर लहराया तिरंगा।

महासमुंद। राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने और 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में महासमुंद शहर में पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल एवं नगर सेना के जवानों द्वारा भव्य ‘तिरंगा यात्रा बाइक रैली’ का आयोजन किया गया। रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में नजर आया।


पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) गोपाल धुर्वे ने पुलिस कंट्रोल रूम से रवाना किया। हाथों में तिरंगा लेकर जवानों ने मोटरसाइकिलों पर शहर का भ्रमण किया और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।

रैली का मार्ग पुलिस कंट्रोल रूम से जिला अस्पताल, खरोरा, संजय कानन-बागबाहरा रोड, कलेक्टर बंगला होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम तक रहा। इस दौरान सड़क पर जगह-जगह देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।


आयोजन में जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं एवं 20वीं वाहिनी तथा नगर सेना के करीब 150 अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। इनमें 99 जवानों ने मोटरसाइकिलों के साथ तिरंगा बाइक रैली में हिस्सा लिया।

तिरंगा हाथों में थामे पुलिस जवानों की इस यात्रा ने राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। रैली में रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी महासमुंद सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


महासमुंद पुलिस की यह तिरंगा यात्रा शहरवासियों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देने वाली यादगार पहल रही।





Post a Comment

Previous Post Next Post