महासमुंद। थाना बसना पुलिस ने अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 9-10 अगस्त 2026 की दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक बिना नंबर की सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को संदेह के आधार पर रोका गया।
कार में चार व्यक्ति सवार थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से .315 बोर का एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और ₹3 लाख 25 हजार नकद बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने के लिए जाने की बात बताई। पुलिस का दावा है कि रास्ते में किसी बाधा या पुलिस कार्रवाई से निपटने के लिए आरोपियों ने अवैध हथियार अपने पास रखा था। गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं होने के कारण वे बिना गांजा लिए वापस लौट रहे थे।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने उमाशंकर शर्मा (41), आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27), शिवम शर्मा (26)—तीनों निवासी जिला भिंड, मध्यप्रदेश—और शनि सिंग उर्फ संदीप (32), निवासी जिला आगरा, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है।
₹19.25 लाख की संपत्ति जब्त
कार्रवाई में ₹3.25 लाख नकद, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, करीब ₹15 लाख कीमत की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार और करीब ₹1 लाख कीमत के चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹19 लाख 25 हजार है।
थाना बसना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 10 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात को टालने में सफलता मिली।



