सावन के दूसरे सोमवार पर सेवा की मिसाल: माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन ने लगाया प्रसादी सेवा, राहगीरों ने भी ग्रहण किया प्रसाद।
महासमुंद। निःस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ करीब दो वर्ष पूर्व महासमुंद में शुरू हुई स्वयंसेवी संस्था माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन लगातार सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में सावन मास के दूसरे सोमवार के अवसर पर तुमगांव रोड स्थित शारदा मंदिर परिसर में प्रसादी सेवा का आयोजन किया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ आसपास के लोगों और राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया।
वृद्धजनों की सेवा में भी सक्रिय संस्था
माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा महासमुंद के इमली भाठा क्षेत्र में पिछले करीब दो वर्षों से वृद्धजन सेवा सदन का संचालन किया जा रहा है। संस्था के माध्यम से ऐसे कई वयोवृद्धों की सेवा एवं देखभाल की गई, जो विभिन्न परिस्थितियों के चलते परिवार से दूर रह रहे थे। संस्था ने संबंधित वृद्धजनों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर कई मामलों में उन्हें पुनः अपने परिवार के साथ रहने के लिए घर भेजने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संस्था का कहना है कि वृद्धजनों की सेवा के साथ ही जरूरतमंद एवं असहाय लोगों तक भोजन और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा कार्यों का विस्तार किया जा रहा है।
हर सप्ताह भंडारा आयोजित करने की योजना
इसी सेवा की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए संस्था द्वारा प्रसादी सेवा की शुरुआत की गई है। आने वाले समय में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए प्रत्येक सप्ताह भंडारा आयोजित करने की कार्ययोजना भी बनाई गई है।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती उषा साहू सहित वरिष्ठजन, संस्था के सदस्यगण एवं सहयोगी उपस्थित रहे। संस्था के इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।






