महासमुंद पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 9 लाख का गांजा बरामद, 11.15 लाख की संपत्ति जब्त।
महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 11 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा ओडिशा से गांजा खरीदकर उसे पंजाब ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी। कार्रवाई थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट एनएच-53, रेहटीखोल में की गई।
मुखबिर की सूचना पर चेक पोस्ट में बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति दो अलग-अलग स्कूटी में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर सघन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक स्कूटी को रोका गया। चालक ने अपना नाम दीपक कुमार साहनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी नया टोला भांडवा, थाना जादूपुर, जिला गोपालगंज, बिहार बताया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि उसके पीछे एक अन्य स्कूटी आ रही है, जिसमें गांजा रखा हुआ है। वह दूसरी स्कूटी को ओडिशा से छत्तीसगढ़ सीमा तक पायलटिंग करते हुए ला रहा था।
दूसरी स्कूटी की तलाशी में मिला 18 किलो गांजा
कुछ समय बाद पुलिस ने दूसरी टीवीएस जुपीटर स्कूटी को भी रोक लिया। चालक ने अपना नाम विशाल शाह, उम्र 23 वर्ष, निवासी चुरामणपट्टी नया टोला, थाना नौतन, जिला पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार बताया।
पुलिस द्वारा स्कूटी की तलाशी लेने पर सफेद प्लास्टिक थैले और डिक्की में पैकेटों के रूप में रखा कुल 18 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर पंजाब ले जाकर बिक्री करने की योजना बना रहे थे।
दो स्कूटी और मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से गांजे के अलावा दो टीवीएस जुपीटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
1. विशाल शाह, पिता इन्द्रजीत शाह, उम्र 23 वर्ष, निवासी चुरामणपट्टी नया टोला, थाना नौतन, जिला पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार।
2. दीपक कुमार साहनी, पिता जंगली साहनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी नया टोला भांडवा, थाना जादूपुर, जिला गोपालगंज, बिहार।
जब्त संपत्ति
- 18 किलो गांजा — अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये
- 2 मोबाइल फोन — कीमत 15 हजार रुपये
- 2 टीवीएस जुपीटर स्कूटी — कीमत लगभग 2 लाख रुपये
कुल जब्त संपत्ति की कीमत: 11 लाख 15 हजार रुपये।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 102/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों और अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।




